श्री अरुण गुप्ता, आई टी एस
मुख्य सतर्कता अधिकारी
परिचय
श्री अरुण गुप्ता ने 21.08.2026 को भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी का पदभार ग्रहण किया है।
श्री अरुण गुप्ता भारतीय दूरसंचार सेवा की वर्ष 2001 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने एस जी एस आई टी एस इंदोर से इलेक्ट्रॉनिक्स और दूरसंचार इंजीनियरिंग में स्नातक और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (बीएचयु) से माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स एवं वीएलएसआई डिज़ाइन में परास्नातक की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने एमडीआई, गुड़गांव से पब्लिक पॉलिसी और मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी किया है।
श्री अरुण गुप्ता गवर्नेंस के विभिन्न क्षेत्रों का विविध अनुभव रखते है, उन्हें सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं के नीति निर्धारण, कार्यान्वयन, निगरानी और प्रशासन का व्यापक अनुभव है। अपने करियर के दौरान, वे देश के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में दूरसंचार कनेक्टिविटी को मजबूत करने और सार्वभौमिक रूप से सुलभ, सुरक्षित और किफायती दूरसंचार/आईसीटी सेवाओं को बढ़ावा देने संबंधी पहलों से करीब से जुड़े रहे हैं।
उनके व्यावसायिक अनुभव में दूरसंचार लाइसेंसिंग, एन्फोर्समेंट और निगरानी शामिल है। इसके साथ ही उन्होंने डिजिटल विभाजन को कम करने, डिजिटल साक्षरता बढ़ाने और दूरसंचार/आईसीटी तक समान पहुंच सुनिश्चित करने वाली योजनाओं और परियोजनाओं पर भी काम किया है। इन पहलों ने डिजिटल इनक्लूजन, सामाजिक-आर्थिक विकास, उद्यमिता और नागरिकों के सशक्तिकरण में योगदान दिया है।
श्री अरुण गुप्ता ने भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भी कार्य किया है। वहां उनके पास मंत्रालय के अधीन विभिन्न संस्थानों के प्रशासन, योजनाओं और परियोजनाओं के कार्यान्वयन, वित्तीय मामलों, अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक संबंधों, और द्विपक्षीय एवं बहुपक्षीय समझौतों/एमओयू संबंधी उत्तरदायित्व था।
शासन, नीति, प्रशासन और प्रौद्योगिकी में अपने विविध अनुभव के साथ, श्री अरुण गुप्ता बीएचईएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी के रूप में अपने नए दायित्व में एक व्यापक दृष्टिकोण रखते हैं।
Back to previous page | Page last updated date : 28-08-2026